कुमाऊं टीवी नेटवर्क
हल्द्वानी : नैनीताल और ऊधम सिंह नगर बॉर्डर के जंगल पर जंगलात के एक संविदा प्लांटेशन वॉचर की उसी के ही साथी ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। हत्या के पांच घंटे बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने पहले शराब पी थी, फिर विवाद होने पर वॉचर के साथी ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी।
हल्द्वानी कोतवाली के कोतवाल विजय मेहता ने बताया शुक्रवार की रात को ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि तराई केंद्रीय वन डिवीजन की टांडा रेंज में एक वॉचर की हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक की शिनाख्त मेवालाल (50 वर्ष) निवासी कौशांबी, प्रयागराज के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में खुलसा हुआ कि मेवालाल वन विभाग में आउटसोर्स पर प्लांटेशन वॉचर था। वह जंगल में ही झोपड़ी बनाकर रहता था। झोपड़ी में मेवा के साथ गूलरभोज निवासी तिवारी सिंह (50 वर्ष) भी रहता था। दोनों वन विभाग के लिए वॉचर का काम करते थे।पिछले तीन सालों से साथ रहते-रहते दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई थी। दोनों ने रोजाना की तरह ही शुक्रवार को कच्ची शराब पी फिर नशे में धुत मेवा और तिवारी में झगड़ा हो गया। तैश में आए मेवा लाल ने तिवारी को मारने के लिए पाटल उठाया तो जवाब में तिवारी ने कुल्हाड़ी से मेवालाल की गर्दन काट दी। हत्या के बाद वह कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। रात लगभग दो बजे सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। अब तक कातिल अंजान था। सूचना है कि शनिवार को पुलिस ने तिवारी को कुल्हाड़ी समेत हिरासत में ले लिया है हालांकि घटना का खुलासा नहीं हुआ है।

